Sunday, May 3, 2020

लॉकडाउन के दो चरणों के 40 दिन पूरे, देश का आज से तीसरे चरण में प्रवेश


कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन (बंद) को आज 40 दिन पूरे हो गए। 25 मार्च से 14 अप्रैल और 15 अप्रैल से 3 मई 2020 की अवधि पूरी कर लॉकडाउन सोमवार (4-17 मई) से अगले दो हफ्तों के अपने तीसरे चरण में प्रवेश कर गया है। हालांकि पहले दो चरणों की सख्ती के बाद लॉकडाउन 3.0 में पाबंदियों में कई छूट भी दी गई हैं। देश के समस्त जिलों को रोगियों की संख्या के आधार पर ग्रीन, आरेंज और रेड जोन में बांटकर ये छूट प्रदान की गई है। देश में 130 रेड जोन, 284 आरेंज जोन और 319 ग्रीन जोन घोषित किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सभी जिले रेड जोन में रखे गए हैं। सर्वाधिक  रेड जोन (19) उत्तर प्रदेश में हैं वहीं गोवा में सिर्फ ग्रीन जोन हैं।  जहां ग्रीन जोन में लगभग सामान्य जैसी स्थिति (सार्वजनिक परिवहन  को छोड़कर) रहेगी , वहीं रेड जोन में सर्वाधिक  सख्ती होगी। हालांकि हॉटस्पॉट घोषित किए गए क्षेत्र जो किसी भी जोन के हों, इन छूटों के हकदार नहीं होंगे।    
इसी के साथ देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 40 हजार के आंकड़े को पार कर गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार देश में शनिवार से रविवार के बीच 24 घंटों में 2487 नए मामले सामने आए और  संक्रमितों की संख्या 40,263 पर पहुंच गई। जबकि इस दौरान हुई 83 मौतों से मृतकों का आंकड़ा भी 1306 पर पहुंच गया। जहां एक और बढ़ते हुए ये आंकड़े डराते हैं वहीं आकंड़ों का ऐसा ही एक ग्राफ राहत भी पहुंचा रहा है। यह है देशभर में ठीक होने वाले रोगियों की संख्या। चिकित्सकों की मेहनत के परिणामस्वरूप देश में 10886 लोग कोरोना संक्रमण से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने वाले रोगियों की यह संख्या ही इस भयावह वायरस पर जीत की उम्मीद जगाती है।  

कोविड-19 के खिलाफ जंग में रविवार एक और महत्वपूर्ण घटना का गवाह बना, वह थी कोरोना योद्धाओं के सम्मान में तीनों सेनाओं द्वारा प्रदर्शित किया गया आभार। अग्रिम मोर्चे पर तैनात लाखों चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों, सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के लिए राष्ट्रव्यापी कवायद के तहत भारतीय वायुसेना के लड़ाकू और परिवहन विमानों ने रविवार को देश के बड़े शहरों और नगरों के ऊपर भव्य फ्लाई पास्ट किया। वहीं, सैन्य हेलीकॉप्टरों ने देशभर के प्रमुख अस्पतालों पर आकाश से पुष्प-वर्षा की। सैन्य विमानों के बेडे में सुखोई-30 एमकेआई, मिग-29 जैसे विमान शामिल थे। देश के लगभग हर बड़े शहर में प्रमुख अस्पतालों पर पुष्पवर्षा और फ्लाई पास्ट देखा गया। दरअसल प्रमुख रक्षा अध्यक्ष विपिन रावत ने इस पहल का ऐलान किया था। दिलचस्प बात यह है कि इस बार जहां लॉकडाउन बढ़ाने के लिए पहले की तरह प्रधानमंत्री द्वारा कोई संदेश नहीं दिया गया और मात्र एक सरकारी आदेश  से इसकी अवधि बढ़ा दी गई, वहीं कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार प्रकट करने के लिए राष्ट्रव्यापी कवायद का ऐलान सीडीएस ने एक वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये किया।


लॉकडाउन 3.0 में भी ये बंद------
लॉकडाउन के इस चरण में भी हवाई, रेल, मेट्रो यात्रा ; सड़क मार्ग से अंतर-राज्यीय आवागमन  ; स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान, प्रशिक्षण एवं कोचिंग संस्थान ; होटल एवं रेस्तरां आदि बंद रहेंगे। यही नहीं धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक सभाओं पर रोक रहेगी। जिम, थियेटर, मॉल, सिनेमा हॉल, बार भी बंद रहेंगे। सभी क्षेत्रों में आवाजाही की इजाजत मिलेगी, लेकिन सुबह सात बजे से रात सात बजे तक ।
ये छूट-----          
ग्रीन और ऑरेंज जोन में नाई की दुकान, स्पा और सैलून खोले जाने की इजाजत होगी। साथ ही, ई-कॉमर्स कंपनियां भी गैर-आवश्यक वस्तुएं बेच सकती हैं। मॉल और बाजार से इतर एकल शराब की दुकानों को भी बिक्री से छूट रहेगी। यही नहीं शराब की सभी दुकानों में, ग्राहकों के बीच कम से कम छह फुट  की दूरी रखनी होगी और एक समय पर पांच से अधिक लोग नहीं होंगे।  केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इजाजत प्राप्त उद्देश्यों के लिये भी आवाजाही की इजाजत होगी।
                 

No comments:

                                             एक और वज्रपात, नीरज भैया को  लील गया कोरोना  दिल के अंदर कुछ टूट सा गया है, ऐसा कुछ, जिसका जुड़...