Sunday, April 25, 2021

                                    एक और वज्रपात, नीरज भैया को  लील गया कोरोना


 दिल के अंदर कुछ टूट सा गया है, ऐसा कुछ, जिसका जुड़ना भारी है। कोरोना वायरस महामारी की यह दूसरी लहर ऐसी खतरनाक है कि रोज मनहूस  खबरे  मिल रही हैं ऐसी  जिन्हें सुनकर दिल बैठ जाता है। फोन की घंटी डराने लगी  है।  दस दिनों में बिल्डिंग में एक ही परिवार की दो महिलाओं बहू-सास का निधन हो गया। तीन दिन पहले गांव में ताऊ जी के बेटे अनिल शर्मा इस दुनिया को अलविदा कह गए, उनके गम से उबर भी नहीं पाए थे कि आज सुबह ममेरे भाई और खेकड़ा के एमएम इंटर कालेज में शिक्षक नीरज वत्स कोरोना संक्रमण से चल बसे। 53-54 वर्ष की आयु वाले दोनों ही भाइयों की कच्ची गृहस्थी है।  



नीरज भैया से जुड़े तमाम वाकये, उनकी कही तमाम बातें, उनसे लड़ना-झगड़ना सब याद आ रहा है। बार-बार आंसू आते हैं उन्हें पौंछता हूं और फिर उनकी कोई स्मृति  घेर लेती है और भावुक हो जाता हूं। भाभी और बच्चों के लिए प्रार्थना करने लगता हूं। घर से पता चला कि अभी भी भाभी और तीनों बच्चे बीमार हैं। सभी को बुखार है। उनकी चिंता सता रही है। बार-बार ईश्वर से यही विनती कर रहा हूं कि सब को ठीक कर दो। हे भगवान! पति और पिता का साया खो चुके इस परिवार पर तो पहले ही वज्रपात हो चुका है। 

कोरोना वायरस महामारी की यह दूसरी लहर पहली से भी ज्यादा खतरनाक तो है ही इससे निपटने में साधनों की कमी और सरकारी तंत्र की उदासीनता ने इसे और घातक बना दिया है। पिछले कई दिनों से जान-पहचान के तमाम लोग जो बीमार हुए उनके लिए आक्सीजन, अस्पताल में बिस्तर और  जरूरी दवाओं के इंतजाम के लिए जब प्रयास किए तो सच मानिए सिर्फ रोना ही आया। इतनी लाचारी-बेबसी कि खुद के होने का कोई अर्थ ही नहीं दिखा।  फिर भी हौसला बनाए रखा है।  अभी भी जब भी कोई मदद के लिए पुकारता है तो  अपनी भरसक कोशिश करने का प्रयास करता हूं, कि शायद कुछ बात बन जाए और आशा-निराशा के बीच कई बार संतोषजनक परिणाम भी सामने आता है। लेकिन मन के एक कोने में दहशत पसरती जा रही है। यह तब और बढ़ रही है जब यह कहा जा रहा है कि कोरोना का पीक अभी आना बाकी है। लगभग एक माह बाद 25-30 मई के बीच देश का कोरोना का पीक आएगा। हे भगवान, तब क्या होगा।  

कोरोना त्रासदी का शिकार हो रहे लोग सरकार के लिए महज संख्या है और यह आंकड़ा वह हर रोज जारी कर रही है, लेकिन जो लोग इसमें अपने को गंवा रहे हैं , खो रहे हैं उनके दुख का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता, आखिर उनका  पूरा संसार ही उजड़ जा रहा है। सरकार कुछ करेगी इस उम्मीद में रहने के बजाय अच्छा होगा कि खुद को यथासंभव घर में कैद कर इसका शिकार होने से बचाएं। हाथ जोड़कर विनती है कि अनावश्यक बाहर जाने से  बचें। एक-दूसरे को हौंसला दे, उनका दुख बांटे। जो मदद कर सकते हों करें, हम मिलकर लड़ेंगे तभी इस कोरोना दानव को परास्त कर पाएंगे। 

                                             एक और वज्रपात, नीरज भैया को  लील गया कोरोना  दिल के अंदर कुछ टूट सा गया है, ऐसा कुछ, जिसका जुड़...